उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण में गुरूवार को 10 ज़ीलों की 57 विधानसभा सीटों पर औसतन 55.79 फीसदी मतदान हुआ। मतदान का यह प्रतिशत देर रात तक बढ़ने की संभावना है।
गृह निर्वाचन नियंत्रण कक्ष से शाम सात बजे तक प्राप्त जानकारी के अनुसार अम्बेडकरनगर में सबसे अधिक 62.66 फीसदी मतदान हुआ जबकि बलरामपुर में सबसे कम 48.90% मतदान हुआ था। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृहनगर गोरखपुर में 58.89%, सिद्धार्थनगर में 51.60%, बस्ती में 57.20%, संतकबीरनगर में 52.20%, महाराजगंज में 59.50%, कुशीनगर में 59.00%, देवरिया में 56% और बलिया में 52.01% मतदान हुआ था। प्रयागराज की हंडिया सीट की एक पोलिंग बूथ नम्बर 311 में शाम पांच बजे तक पुनर्मतदान में 59.55% वोट डाले गये। पांचवे चरण में हण्डिया सीट के इस बूथ पर विधिक कारणों से मतदान दोबारा कराया गया है।
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में इन दस जिलों में औसतन 56.52 फीसदी वोट डाले गये थे जबकि 2012 के विधानसभा चुनाव मेंं यह आंकड़ा 55.19% का था। अब तक संपन्न हुये पांच चरण के चुनाव में मतदान 2017 की तुलना में कम रहा है।
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में इन सीटों में से अकेले भाजपा के खाते में 46 सीटें आयी थी जबकि सपा को मात्र तीन सीटों से संतोष करना पडा था वहीं बसपा को चार और कांग्रेस को एक सीट मिली थी।
छठे चरण में 57 विधान सभा क्षेत्रों में 66 महिला प्रत्याशियों समेत 676 प्रत्याशियों की कीमत ईवीएम में कैद हो गयी। इस चरण में पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्रियों के अलावा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू समेत कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here